
रायपुर:त्योहारों के मद्देनजर राजधानी रायपुर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन में विशेष अभियान चलाकर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। इस दौरान 5 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, वहीं 3 वारंट तामील किए गए। इसके अलावा चाकू लेकर आम लोगों में दहशत फैलाने वाले एक अपचारी बालक के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं जुआ खेलने के दो अलग-अलग मामलों में भी पुलिस ने कार्रवाई की है।
डीसीपी नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन और एडीसीपी आदित्य पांडे की मॉनिटरिंग में यह अभियान चलाया गया।पुलिस के मुताबिक, थाना गुढ़ियारी क्षेत्र में 3 और उरला क्षेत्र में 2 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
वहीं खम्हारडीह पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 स्थायी वारंट और 1 गिरफ्तारी वारंट सहित कुल 3 वारंट तामील किए। इसी थाना क्षेत्र में कचना तालाब के पास धारदार चाकू लहराकर लोगों को डराने वाले एक अपचारी बालक को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा। उसके कब्जे से चाकू बरामद कर आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया गया।
इधर खमतराई थाना पुलिस ने जुआ एक्ट के तहत दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की।
:पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।




