
रायपुर। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को लेकर बिरगांव स्थित छठ व्यास तालाब में तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। भोजपुरी समाज एवं छठ पूजा समिति द्वारा आयोजित इस महापर्व की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इस वर्ष आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
समिति के सदस्य कोमल रंजय सिंह ने बताया कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संध्या अर्घ्य एवं उषाकालीन अर्घ्य के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं लगभग पूरी कर ली गई हैं। तालाब परिसर में पूजा-अर्चना और श्रद्धालुओं के आगमन को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।छठ महापर्व के अवसर पर धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इसमें आमंत्रित लोक कलाकार भोजपुरी लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां देंगे, जो आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेंगी।
समिति के सदस्यों ने बताया कि छठ महापर्व केवल सूर्य उपासना का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, स्वच्छता, पवित्रता, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का प्रतीक भी है। समिति ने नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर छठी मैया का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
छठ महापर्व का कार्यक्रम- 13 नवंबर, शुक्रवार: नहाय-खाय- 14 नवंबर, शनिवार: खरना- 15 नवंबर, रविवार: संध्या अर्घ्य- 16 नवंबर, सोमवार: उषा अर्घ्य एवं महापर्व का समापन




