
रायपुर। डीडी नगर थाना क्षेत्र में महादेव घाट रोड स्थित गणेश मंदिर के पास चाकूबाजी की घटना में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल है। मृतक की पहचान टीकेंद्र देवांगन, निवासी चंगोराभाठा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, कैलाश निषाद अपनी महिला मित्र के साथ महादेव घाट रोड से पैदल घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान स्कूटी सवार टीकेंद्र देवांगन ने कैलाश को रोककर चाकू से हमला कर दिया। हमले के दौरान कैलाश ने चाकू छीन लिया और टीकेंद्र पर वार कर दिया।
घटना में दोनों घायल हुए। टीकेंद्र की मौत हो गई, जबकि घायल कैलाश निषाद को उपचार के लिए एम्स रायपुर भेजा गया है।
पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है। फिलहाल पूरे घटनाक्रम की जांच और विवेचना जारी है।




