
रायगढ़। जीएसटी विभाग की ई-वे बिल जांच के दौरान संदिग्ध पाए गए स्क्रैप परिवहन के मामले में जीएसटी विभाग और पूंजीपथरा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की है। पुलिस ने 16 चक्का ट्रक समेत करीब 32.5 टन लोहे का स्क्रैप जब्त किया है।जप्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 26 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। इसमें करीब 6.50 लाख रुपये का स्क्रैप और 20 लाख रुपये कीमत का ट्रक शामिल है।
दरअसल, 1 अक्टूबर को तराईमाल के पास जीएसटी जांच दल ने CG22P9367 ट्रक को जांच के लिए रोका था। वाहन में लदे स्क्रैप और प्रस्तुत दस्तावेजों में विरोधाभास मिलने पर ट्रक को जांच के लिए निरुद्ध किया गया। जांच के दौरान चालक द्वारा बिना अनुमति वाहन को आगे ले जाने की जानकारी भी सामने आई।

जीएसटी विभाग ने संबंधित फर्म से माल के वास्तविक स्रोत, मातृ बीजक और भुगतान से जुड़े दस्तावेज मांगे, लेकिन संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। इसके बाद माल के संदिग्ध होने की आशंका पर वाहन और स्क्रैप को पूंजीपथरा पुलिस के सुपुर्द किया गया।पुलिस पूछताछ में चालक अलेख्जेण्डर तिर्की, उम्र 50 वर्ष, निवासी पत्थलगांव, जशपुर ने स्क्रैप को धरमजयगढ़ क्षेत्र से लाकर पूंजीपथरा स्थित ए.आर. इस्पात में खपाने के लिए ले जाने की बात बताई।
पुलिस ने विभिन्न प्रकार के टीन, लोहे के टुकड़े, राड और वाहन पार्ट्स समेत करीब 32 टन 500 किलो स्क्रैप और ट्रक जब्त कर चालक के खिलाफ धारा 35(क)(ड) BNSS और 303(2) BNS के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।




