
रतनपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने रविवार को रतनपुर के माघी पूर्णिमा एवं आदिवासी विकास मेला वर्ष-2026 का शुभारंभ किया। साव ने इस अवसर पर ऑडिटोरियम निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपए और नगर पालिका भवन में बाउंड्रीवाल के लिए 20 लाख रुपए की घोषणा की। उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कार्यक्रम में कहा कि, रतनपुर पवित्र और पौराणिक नगरी है, इसकी ख्याति दुनिया भर में है। इस ख्याति के अनुरूप यहां बहुत कुछ किया जाना बाकी है। यह कभी छत्तीसगढ़ की राजधानी रही है। इसके अनुरूप गरिमा बढ़ाने का काम करेंगे।

साव ने बताया कि, रतनपुर को कारीडोर के रूप में विकसित करने का काम करेंगे। माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश के धार्मिक स्थलों को सजाने और संवारने का काम हुआ है। मां महामाया की कृपा से रतनपुर को भी संवारेंगे। हम विकास का संकल्प लेकर आए हैं। सरकार विकास कर रही है और आगे भी विकास करेगी। क्षेत्र में तेज गति से काम चल रहा है, क्योंकि हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे। रतनपुर को भी संवारने का काम करेंगे।

साव ने ये भी कहा कि, रतनपुर के तालाबों के सौंदर्यीकरण का मार्ग प्रशस्त हुआ है। ये हमारा गौरव और प्रतिष्ठा है। इसे सुंदर बनाने पूरे मन से कार्य करेंगे।इस अवसर पर विधायक सुशांत शुक्ला कई गणमान्य एवं नगरवासी उपस्थित रहे।





