
रायपुर/ राजधानी में अगरबत्ती निर्माण के नाम पर रोजगार और बायबैक गारंटी का झांसा देकर करोड़ों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ितों ने कलेक्टर से शिकायत कर कंपनी के संचालकों पर सामूहिक वित्तीय धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। आखिर क्या है पूरा मामला, देखते हैं .
रायपुर कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि फाफाडीह स्थित भारत ग्रुप नाम की कंपनी ने घर बैठे अगरबत्ती निर्माण का स्वरोजगार और हर महीने 60 हजार रुपये तक कमाई का लालच दिया। कंपनी ने मशीनों से तैयार माल वापस खरीदने यानी बायबैक गारंटी का भी भरोसा दिलाया।
-2शिकायत के मुताबिक, कंपनी ने एक-एक मशीन के लिए लोगों से करीब 1 लाख 10 हजार से 1 लाख 20 हजार रुपये तक वसूले। आरोप है कि मशीनों का जीएसटी बिल भी नहीं दिया गया और केवल साधारण कच्चा चालान थमा दिया गया। पीड़ितों का कहना है कि उन्हें 8 से 10 घंटे में 80 से 100 किलो अगरबत्ती उत्पादन का दावा किया गया था, लेकिन मशीनें तय क्षमता के अनुसार काम नहीं कर रहीं।
-3आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि कंपनी बार-बार तैयार माल को रिजेक्शन बताकर वापस कर देती थी। 40 किलो की बोरी में केवल 2 से 3 किलो सामग्री खराब बताकर पूरा माल लौटाया जाता था। इतना ही नहीं, वजन में भी कथित गड़बड़ी का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि उनकी 40 किलो की बोरी का वजन कंपनी में केवल 37.595 किलो बताया गया।
-4पीड़ितों का आरोप है कि जब उन्होंने विरोध किया तो कंपनी के प्रोपाइटर और स्टाफ की ओर से धमकियां दी गईं और दबाव बनाया गया। इसके बाद बड़ी संख्या में प्रभावित लोगों ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, पूरी राशि ब्याज सहित वापस दिलाने और संबंधित लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
फ़िलहाल यह मामला शिकायत के स्तर पर है और आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है और पीड़ितों को कब तक न्याय मिल पाता है।




