छत्तीसगढ़रायपुर

केंद्रीय विद्यालय की शिक्षिका के क्वार्टर में लाखों की चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। खमतराई थाना क्षेत्र के डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित केंद्रीय विद्यालय के कर्मचारी क्वार्टर में हुई लाखों रुपये की चोरी का रायपुर पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। नॉर्थ जोन और क्राइम टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त को केंद्रीय विद्यालय की शिक्षिका यशवंती साहू अपने काम से स्कूल गई थीं। उनकी बेटी भी क्वार्टर में ताला लगाकर बाहर चली गई।

इसी दौरान आरोपियों ने पहले बाइक से इलाके की रेकी की और दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच क्वार्टर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। आरोपियों ने आलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी की। वारदात के बाद दोनों एक्टिवा से फरार हो गए।करीब 3:25 बजे जब शिक्षिका की बेटी वापस लौटी तो क्वार्टर का ताला टूटा मिला और सामान बिखरा हुआ था। जांच में लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी होने की जानकारी सामने आई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के निर्देश पर डीसीपी नॉर्थ दीपमाला कश्यप, ADCP आदित्य पांडे, ADCP ACCU गौरव मंडल, ACP उरला पूर्णिमा लामा और खमतराई थाना पुलिस व ACCU टीम ने जांच शुरू की।पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसी आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

109 ग्राम सोना समेत ₹16.50 लाख का माल जब्तआरोपियों के कब्जे से करीब 109 ग्राम सोने के आभूषण, चांदी का हार, ₹10 हजार नकद, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और एक्टिवा जब्त की गई है। सोने के आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब ₹16.35 लाख, जबकि चांदी के हार और नकदी समेत कुल जब्त चोरी के सामान की कीमत करीब ₹16.50 लाख बताई गई है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सारिक खान (32) निवासी केलाबाड़ी, दुर्ग और मो. तौसीफ (29) निवासी तकियापारा, दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ पूर्व में भी दुर्ग जिले में चोरी के मामले दर्ज रहे हैं।

रायपुर पुलिस ने नागरिकों से घर और संस्थानों में सीसीटीवी लगाने, सुरक्षा गार्ड द्वारा आने-जाने वालों का रिकॉर्ड रखने तथा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button