
रायपुर, 23 सितंबर 2026। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ भाजपा का नया प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने संगठन में नई जिम्मेदारियों की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्मृति ईरानी को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्मृति ईरानी का दीर्घ राष्ट्रीय अनुभव, राष्ट्रसेवा और संगठन के प्रति समर्पण छत्तीसगढ़ में संगठन एवं जनसेवा के संकल्प को और मजबूती देगा।
वहीं सिद्धार्थ शम्भू को छत्तीसगढ़ भाजपा का सह-प्रभारी बनाया गया है। मुख्यमंत्री साय ने उन्हें भी बधाई देते हुए कहा कि उनकी सक्रिय सहभागिता से प्रदेश में संगठनात्मक कार्यों को गति मिलेगी।
इसके अलावा पत्थलगांव विधायक एवं पूर्व सांसद गोमती साय को गुजरात भाजपा का सह-प्रभारी और छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सौरभ सिंह को झारखंड भाजपा का सह-प्रभारी बनाया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक जिम्मेदारियां मिलना प्रदेश के लिए प्रसन्नता और गौरव का विषय है। उन्होंने सभी नवनियुक्त प्रदेश प्रभारियों और सह-प्रभारियों को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।




