
रायपुर। राजधानी रायपुर के चंगोराभाठा इलाके में मामूली विवाद को लेकर एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। इस मामले में डी.डी. नगर थाना पुलिस और एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों और विधि से संघर्षरत चार बालकों सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है।पुलिस के मुताबिक, घटना 8 नवंबर की रात करीब 11:50 बजे श्रीराम नगर, चंगोराभाठा रोड की है।
पीड़ित सतीश यादव सड़क किनारे खड़ा था, तभी तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक ऑटो ने उसे टक्कर मार दी। इस पर जब उसने ऑटो चालक को वाहन संभालकर चलाने की बात कही, तो ऑटो में सवार मयंक ठाकुर और उसके साथियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और दबिश देकर मयंक ठाकुर, लक्ष्य निर्मलकर सहित चार नाबालिगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया एक चाकू और इलेक्ट्रिक ऑटो क्रमांक CG 04 QK 7490 जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मयंक ठाकुर पूर्व में भी प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत जेल जा चुका है। फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




