
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन आघात के तहत लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर पुलिस ने टाटा आईसर ट्रक से 6 क्विंटल 32 किलो 380 ग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में उत्तर प्रदेश के बहराइच निवासी 42 वर्षीय विनोद कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 4 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर एंटी नारकोटिक्स टीम और तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रहे टाटा आईसर ट्रक क्रमांक UP-47-AT-9839 को संदेह के आधार पर रोका गया।तलाशी के दौरान ट्रक में ऊपर की तरफ खाली कांच की बोतलों से भरी बोरियां रखी मिलीं। पुलिस ने जब इन बोरियों को हटाकर नीचे रखी बोरियों की जांच की, तो उनमें टेप से लिपटे गांजे के पैकेट बरामद हुए। कुल 20 बोरियों से 597 पैकेट गांजा मिला, जिसका वजन 632 किलो 380 ग्राम पाया गया।
पूछताछ में आरोपी विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि वह ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा, तस्करी में इस्तेमाल ट्रक, दो मोबाइल फोन और 3 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 3 करोड़ 41 लाख 47 हजार रुपये बताई गई है।मामले में थाना तपकरा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब गांजे की खरीद-फरोख्त, उत्तर प्रदेश में इसकी डिलीवरी और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
गौरतलब है कि जशपुर पुलिस ने दो दिन पहले, 2 अक्टूबर को भी इसी लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर 440 किलो 630 ग्राम गांजा बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया था। लगातार दो बड़ी कार्रवाइयों के बाद पुलिस ओडिशा सीमा से होने वाली गांजा तस्करी पर विशेष निगरानी रख रही है।जशपुर के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने इस कार्रवाई में शामिल पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को नगद पुरस्कार देने की घोषणा भी की है।




