
बिलासपुर। सर्दियों में घने कोहरे के कारण रेल परिचालन प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने यात्रियों की सुरक्षा और सुचारू ट्रेन परिचालन के लिए विशेष तैयारियां की हैं। रेलवे के तीनों मंडलों में कुल 3,657 फॉग सेफ डिवाइस उपलब्ध कराए गए हैं, जो कोहरे के दौरान लोको पायलटों को महत्वपूर्ण रेल संकेतों और मार्ग की जानकारी देने में मदद करेंगे।

GPS आधारित इन उपकरणों में रेलवे ट्रैक, सिग्नल, स्टेशन, लेवल क्रॉसिंग और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की जानकारी पहले से दर्ज रहती है। घने कोहरे में दृश्यता कम होने पर डिवाइस स्क्रीन और ऑडियो अलर्ट के जरिए लोको पायलटों को आगे आने वाले महत्वपूर्ण स्थानों की जानकारी देता है, जिससे वे समय रहते सतर्क हो सकें।
रेलवे नेटवर्क के खोंगसरा और भनवारटंक जैसे कोहरे प्रभावित रेलखंडों में यह तकनीक विशेष रूप से उपयोगी साबित हो सकती है। डिवाइस अगले तीन निर्धारित सिग्नलों की जानकारी करीब 500 मीटर पहले तक देने में सक्षम है, जिससे लोको पायलटों को परिचालन के दौरान अतिरिक्त सहायता मिलती है।
फॉग सेफ डिवाइस सिंगल और डबल लाइन, इलेक्ट्रिक व डीजल इंजन, ईएमयू, मेमू और डेमू ट्रेनों में इस्तेमाल किया जा सकता है। इसमें 18 घंटे का बैटरी बैकअप भी दिया गया है।दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का कहना है कि आधुनिक तकनीक और सुरक्षा व्यवस्थाओं के जरिए कोहरे के मौसम में भी रेल यात्रियों की यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।




