
रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली टैबलेट की अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मुक्तिधाम के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को रंगेहाथ पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से 130 नग प्रतिबंधित नाईट्रोसन-10 टैबलेट बरामद की गई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 52 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर 2026 को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि तेलीबांधा थाना क्षेत्र के मुक्तिधाम के पास दो व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली टैबलेट बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की और उन्हें पकड़कर तलाशी ली। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम प्रहलाद निर्मलकर (28 वर्ष), निवासी टिकरापारा रायपुर और गोपी किशन कुल्हरिया (23 वर्ष), निवासी सुभाष नगर देवारपारा, तेलीबांधा रायपुर बताया।तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से कुल 130 नग नाईट्रोसन-10 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट बरामद हुईं। टैबलेट रखने और बिक्री करने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 52 हजार रुपये कीमत की टैबलेट जब्त की। आरोपियों के खिलाफ थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 534/26, धारा 22(ख) नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।गिरफ्तार आरोपीप्रहलाद निर्मलकर (28 वर्ष), पिता स्व. नरेश निर्मलकर, निवासी संतोषी नगर दुर्गापारा, टिकरापारा, रायपुर।गोपी किशन कुल्हरिया (23 वर्ष), पिता राम सगवन कुल्हरिया, निवासी सुभाष नगर देवारपारा, थाना तेलीबांधा, रायपुर।




