
रायपुर। शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने 23 नवंबर 2026 को विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन एवं डीसीपी यातायात डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और चेकिंग पॉइंट्स पर सघन वाहन जांच की गई।
अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट, मॉडिफाइड साइलेंसर, ब्लैक फिल्म, तीन सवारी, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, बिना हेलमेट, बिना ड्राइविंग लाइसेंस, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने, नो पार्किंग, नो एंट्री और प्रेशर हॉर्न सहित विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने इस विशेष अभियान के दौरान कुल 253 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की।पुलिस ने आम नागरिकों से हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे में वाहन नहीं चलाने और सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों के उल्लंघन पर इस तरह के विशेष चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।




