
दुर्ग। दुर्ग-राजनांदगांव के बीच रेलवे ट्रैक पर दो युवकों का खतरनाक स्टंट सामने आया है। वायरल हो रही रील में दोनों युवक रेलवे ट्रैक पर बैठकर वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान सामने से मालगाड़ी आती दिखाई देती है, लेकिन युवक ट्रैक से हटने के बजाय वहीं बैठे रहते हैं।बताया जा रहा है कि लोको पायलट ने कई बार हॉर्न बजाकर युवकों को ट्रैक से हटने की चेतावनी दी। इसके बाद मालगाड़ी को ब्रेक लगाना पड़ा। युवकों की इस लापरवाही से बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

रेलवे ट्रैक पर इस तरह स्टंट करना बेहद खतरनाक है। तेज रफ्तार ट्रेन के सामने अचानक ऐसी स्थिति बनने पर गंभीर हादसा हो सकता है। खासकर यात्री ट्रेन को अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगाने की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा भी प्रभावित हो सकती है।वायरल वीडियो सामने आने के बाद अब सवाल उठ रहा है कि रेलवे ट्रैक पर इस तरह जान जोखिम में डालकर रील बनाने वालों पर क्या कार्रवाई होगी। रेलवे ट्रैक स्टंट के लिए जगह नहीं है और ऐसी लापरवाही खुद के साथ-साथ ट्रेन में सफर कर रहे लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकती है।




