
रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और खम्हारडीह थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14.73 ग्राम MDMA ड्रग्स जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 47 हजार 300 रुपये बताई गई है।पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि खम्हारडीह थाना क्षेत्र के शंकर नगर स्थित रेमेडी सैलून एवं वेलनेस सेंटर के पास MDMA ड्रग्स की बिक्री की जा रही है।

सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर संयुक्त पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।कार्रवाई के दौरान मौके से दो महिलाएं और एक ट्रांसजेंडर मिले। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से MDMA ड्रग्स बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशा नायक (27), निवासी दुर्ग, कृष्णा तिवारी (29), निवासी मोवा, रायपुर और हेमंत थापा (36), निवासी अवंति विहार, रायपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ खम्हारडीह थाने में अपराध क्रमांक 405/26 के तहत नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट की धारा 21(सी) में मामला दर्ज किया है।पुलिस अब इस मामले में ड्रग्स की सप्लाई करने वाले स्रोत और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था, इसकी जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, मामले के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की पड़ताल करते हुए नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।




