
रायपुर। महाराजा श्री अग्रसेन जी की 5180वीं जयंती को लेकर राजधानी रायपुर में तैयारियां तेज हो गई हैं। अग्रवाल सभा, रायपुर की ओर से इस वर्ष जयंती महोत्सव को सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और सेवा गतिविधियों के साथ भव्य रूप से मनाया जाएगा। 11 अक्टूबर को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
अग्रवाल सभा के अध्यक्ष विजय अग्रवाल और महामंत्री मनमोहन अग्रवाल ने अग्रसेन जयंती पर शासकीय अवकाश घोषित किए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताया है। सभा के मीडिया प्रभारी योगेश अग्रवाल ने बताया कि जयंती महोत्सव के तहत कई दिनों तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
### 4 अक्टूबर को दौड़ और निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरमहोत्सव की शुरुआत से पहले 4 अक्टूबर को सर्वसमाज के लिए AGRATHON ‘वंदे मातरम्, रन फॉर नेशन’ का आयोजन किया जाएगा। यह दौड़ सुबह 6 बजे मरीन ड्राइव से शुरू होगी। इसी दिन श्री सालासर धाम, छेड़ीखेड़ी में 60 से अधिक विशेषज्ञ चिकित्सकों की मौजूदगी में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। शिविर में पैथोलॉजी जांच, नेत्र परीक्षण और चश्मा वितरण की सुविधा भी मिलेगी।
### 7 अक्टूबर को अग्रसेन धाम में उद्घाटन7 अक्टूबर को श्री अग्रसेन धाम, छेड़ीखेड़ी में जयंती महोत्सव का उद्घाटन होगा। इस कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं सीएसआईडीसी अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, योग आयोग अध्यक्ष संजय अग्रवाल और जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल विशिष्ट अतिथि होंगे।
### 19 मोहल्ला समितियों में प्रतियोगिताएंअग्रसेन जयंती के अवसर पर रायपुर की 19 मोहल्ला समितियों में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इन प्रतियोगिताओं के विजेता मुख्य प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। 8 और 9 अक्टूबर को भी कई प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। 9 अक्टूबर को महिला सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
### 10 अक्टूबर को अग्रसेवा दिवस और कार्निवल10 अक्टूबर को अग्रसेवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान समाज के सदस्य विभिन्न सेवा कार्य करेंगे। इसके साथ ही विशाल कार्निवल का आयोजन होगा, जिसमें कई आकर्षणों के साथ अग्र बैंड की विशेष प्रस्तुति होगी।
### 11 अक्टूबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रामहोत्सव के मुख्य दिन 11 अक्टूबर को सुबह 9:30 बजे श्री अग्रसेन भवन, जवाहर नगर में महाराजा अग्रसेन जी की पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शाम 6:30 बजे श्री अग्रसेन धाम में मुख्य समारोह आयोजित होगा। इसमें समाज के प्रतिभावान बच्चों का सम्मान और पुरस्कार वितरण किया जाएगा। साथ ही कवि सम्मेलन और लाफ्टर शो भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
आयोजन को सफल बनाने के लिए अग्रवाल सभा ने विभिन्न समितियों का गठन किया है। जयंती प्रभारी राजेश हेलीवाल और शोभायात्रा प्रभारी शैलेश अग्रवाल सहित अलग-अलग समितियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।अग्रवाल सभा ने समाज के सभी वर्गों और शहरवासियों से महोत्सव के विभिन्न आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।




