
रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल और अन्य सामान चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी रोहन ताम्रकार गुढ़ियारी थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत का चोरी का सामान बरामद किया है।
दरअसल, शिवानंद नगर निवासी शिव निर्मलकर 8 नवंबर को अपने मकान में ताला लगाकर परिवार सहित गृहग्राम गए थे। 12 नवंबर को वापस लौटने पर घर का ताला टूटा मिला। अंदर अलमारी और लॉकर भी क्षतिग्रस्त थे। जांच करने पर सोने-चांदी के जेवरात, नगदी, मोबाइल फोन और अन्य सामान गायब मिले। शिकायत पर खमतराई पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।घटना की जांच में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसी दौरान रोहन ताम्रकार के घटना के आसपास संदिग्ध रूप से देखे जाने की जानकारी मिली। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और अन्य सामान, कुल करीब 10 लाख रुपये कीमत का मशरूका बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। वह पूर्व में जेल भी जा चुका है।फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की है।




