
दुर्ग/ भिलाई के सिविक सेंटर में शाम के समय लगने वाले जाम की समस्या को दूर करने के लिए यातायात पुलिस ने पहल शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन ने व्यापारियों और आम नागरिकों के साथ चर्चा कर पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की योजना तैयार की है।पुलिस उप महानिरीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेंद्र देव पटेल के नेतृत्व में टीम ने सिविक सेंटर का निरीक्षण किया।
भिलाई इस्पात संयंत्र और नगर निगम के साथ समन्वय कर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त और व्यवस्थित बनाने की कार्रवाई की जाएगी।नई व्यवस्था के तहत कार और बाइक के लिए अलग-अलग पार्किंग बोर्ड लगाए जाएंगे। वाहनों को केवल सफेद पट्टी के भीतर पार्क करने की अनुमति होगी। इसके बाहर या नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने पर चालानी कार्रवाई की जाएगी।
दुकानदारों और कर्मचारियों से भी अपनी गाड़ियां सड़क पर खड़ी नहीं करने की अपील की गई है। अवैध दुकानों और अतिक्रमण हटाने के साथ पार्किंग के लिए उपयुक्त स्थानों को चिन्हित कर विकसित किया जाएगा।पुलिस प्रशासन का कहना है कि उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि व्यापारियों, आम नागरिकों और प्रशासन के सहयोग से सिविक सेंटर को अतिक्रमण मुक्त, व्यवस्थित और सुगम यातायात वाला क्षेत्र बनाना है।




