
रायपुर में 25 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और रकम नहीं देने पर हत्या की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने विदेशी मोबाइल नंबर से WhatsApp पर धमकी भरे संदेश भेजे थे।

पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर को प्रार्थी आनंदमल कुकरेजा के मोबाइल पर WhatsApp के जरिए धमकी मिली थी। आरोपी ने खुद को अमन साहू गैंग से जुड़ा बताते हुए 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। रकम नहीं देने पर प्रार्थी, उसके बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों की हत्या की धमकी दी गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट और थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल इनपुट के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान शोएब ढेबर, निवासी खम्हारडीह, रायपुर के रूप में की।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना से संबंधित 5 आईफोन, जिनकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है, बरामद किए हैं।
आरोपी के खिलाफ थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 403/26, धारा 308(4), 351(3), 351(4) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी: शोएब ढेबर, पिता अनवर ढेबर, उम्र 26 वर्ष, पॉम बेलाजियो फ्लैट नंबर 803बी, थाना खम्हारडीह, रायपुर।



