Breaking Newsकबीरधामकवर्धाछत्तीसगढ़

कबीरधाम में परफॉर्मेंस गारंटी की सड़क खराब, ठेकेदार और दो इंजीनियरों को नोटिस सात दिन में सड़क सुधारने के निर्देश, पांच साल की गारंटी अवधि में मिली खामियां

रायपुर। कबीरधाम जिले में परफॉर्मेंस गारंटी के तहत आने वाली सड़क के क्षतिग्रस्त मिलने और निर्माण गुणवत्ता में खामियां पाए जाने पर लोक निर्माण विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। विभाग ने संबंधित ठेकेदार के साथ तत्कालीन एसडीओ और उप अभियंता को भी नोटिस जारी किया है।

मामला ग्राम बानौ से कान्हाभैरा तक बने 6.70 किलोमीटर लंबे मार्ग का है। सड़क क्षतिग्रस्त होने की शिकायत पर 27 अक्टूबर को पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क कई स्थानों पर पूरी चौड़ाई में और कुछ जगहों पर बाईं ओर से धंसी हुई पाई गई। अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त हिस्सों को उखाड़कर निर्धारित मापदंडों के अनुसार दोबारा सुधारने की जरूरत बताई।

विभाग ने ठेकेदार मेसर्स कन्हैया लाल अग्रवाल को सात दिनों के भीतर सड़क की मरम्मत कर फोटोग्राफ्स प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समय में सुधार नहीं होने पर विभाग ठेकेदार के रिस्क एंड कॉस्ट पर मरम्मत कराएगा और इसका भुगतान रोकी गई परफॉर्मेंस गारंटी की राशि से किया जाएगा।

वहीं, निर्माण के दौरान पर्याप्त कम्पेक्शन नहीं होने की आशंका पर तत्कालीन एसडीओ उमाप्रसाद जोशी और उप अभियंता एल.आर. छत्तरे को भी नोटिस जारी किया गया है। दोनों अधिकारियों को तीन दिनों के भीतर कम्पेक्शन टेस्ट की विस्तृत रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट नहीं देने पर आरोप पत्र जारी कर विभागीय जांच की कार्रवाई की जा सकती है।गौरतलब है कि इस सड़क का निर्माण फरवरी 2026 में पूरा हुआ था और यह फरवरी 2031 तक पांच साल की परफॉर्मेंस गारंटी में शामिल है। लोक निर्माण विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़कों की गुणवत्ता और बेहतर रखरखाव में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button