छत्तीसगढ़रायपुर

जनजातीय बच्चों तक पहुंचेगा अंतरिक्ष विज्ञान, ‘स्पेस ऑन व्हील’ पहल को CM साय का प्रोत्साहन

रायपुर: जनजातीय अंचलों के बच्चों में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा और वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए विज्ञान भारती की ‘स्पेस ऑन व्हील’ पहल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस प्रयास की सराहना करते हुए बच्चों तक विज्ञान और अंतरिक्ष की जानकारी पहुंचाने को भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।

नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित दीपावली मिलन समारोह के दौरान विज्ञान भारती के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में वैज्ञानिक जागरूकता बढ़ाने और बच्चों को नई खोजों से परिचित कराने के प्रयासों की सराहना की।

विज्ञान भारती के प्रतिनिधि वर प्रसाद कोला ने बताया कि ‘स्पेस ऑन व्हील’ एक विशेष वाहन आधारित पहल है, जिसमें इसरो द्वारा प्रक्षेपित उपग्रहों के मॉडल और अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ी प्रदर्शन सामग्री रखी जाती है। वैज्ञानिकों और प्रशिक्षित शिक्षकों के माध्यम से बच्चों को उपग्रह, अंतरिक्ष अभियान और वैज्ञानिक अनुसंधान की जानकारी सरल भाषा में दी जाती है।

इस पहल का उद्देश्य उन बच्चों तक भी विज्ञान की पहुंच सुनिश्चित करना है, जो वैज्ञानिक संस्थानों और प्रयोगशालाओं तक नहीं पहुंच पाते। संस्था स्वदेशी विज्ञान आंदोलन के माध्यम से भारतीय वैज्ञानिक परंपरा और आधुनिक विज्ञान के बीच संवाद स्थापित करने का कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. कुशकुमार नायक और एनआईटी रायपुर के कंप्यूटर साइंस विभाग के प्रोफेसर डॉ. दिलीप कुमार सिसोदिया भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button