
रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी के मामले में पुलिस ने पांच विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता का खुलासा किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इसके अलावा, वारदात में इस्तेमाल की गई एक अन्य मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक, 18 अक्टूबर 2026 की रात रांवाभाठा मेटल पार्क रोड के किनारे से राजेश ध्रुव की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। शिकायत के आधार पर खमतराई थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना और पूछताछ के आधार पर पांच नाबालिगों की संलिप्तता सामने आई। उनके पास से रांवाभाठा मेटल पार्क से चोरी की गई बाइक के साथ बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र से चोरी की गई एक अन्य मोटरसाइकिल भी बरामद हुई। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई CG 04 PB 8368 नंबर की मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
पुलिस ने आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पांचों विधि से संघर्षरत बालकों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




