
रायपुर, 26 सितंबर 2026। जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में ईरान को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की संजू देवी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।स्वर्णिम सफलता के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संजू देवी से फोन पर आत्मीय बातचीत कर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि संजू देवी की मेहनत, प्रतिभा और खेल कौशल ने न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संजू देवी की उपलब्धि प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।मुख्यमंत्री ने भारतीय महिला कबड्डी टीम के सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को भी इस शानदार उपलब्धि पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।खास बात: कोरबा की संजू देवी का भारतीय महिला कबड्डी टीम में शामिल होकर एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण है।





