
भिलाई। जुनवानी स्थित ली वेलनेस स्पा सेंटर में स्पा सेंटर की आड़ में कथित देह व्यापार संचालित किए जाने का पुलिस ने खुलासा किया है।
स्मृतिनगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर स्पा सेंटर में रेड कार्रवाई करते हुए मैनेजर और महिला दलाल समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस के मुताबिक, सूचना मिली थी कि ली वेलनेस स्पा सेंटर में ग्राहकों को महिलाओं की व्यवस्था कर देह व्यापार संचालित किया जा रहा है।

सूचना के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
जांच के दौरान स्पा सेंटर के मैनेजर तनय सोनी द्वारा पैसे लेकर महिलाओं को उपलब्ध कराने और महिला दलाल हेमा सिंह उर्फ प्रीत के माध्यम से लड़कियां उपलब्ध कराए जाने की जानकारी सामने आई।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 19 मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है, साथ ही ग्राहकों से प्राप्त 1,900 रुपये नगद बरामद किए हैं। इसके अलावा ग्राहकों और देह व्यापार के लिए आने वाले व्यक्तियों से संबंधित जानकारी, आपत्तिजनक सामग्री और अन्य दस्तावेज भी पुलिस ने जब्त किए हैं।
पुलिस ने मामले में तनय सोनी, हेमा सिंह उर्फ प्रीत समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस की इस कार्रवाई के बाद स्पा सेंटरों की आड़ में चलने वाली अवैध गतिविधियों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।




