
रायपुर -राजधानी के विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत सड्डू सेक्टर-7 LIG-11 में एक 55 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान योगेंद्र पाठक के रूप में हुई है, जो घर में अकेले रहते थे।
जानकारी के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने मोहल्ले में टहलने के दौरान घर से तेज दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा, जहां अंदर कमरे में बेड पर योगेंद्र पाठक का शव पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे सामान्य मौत मान रही है, हालांकि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
बताया जा रहा है कि मृतक का परिवार सड्डू के ही सेक्टर-3 में रहता है और वे अकेले इस मकान में निवास कर रहे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं,भीषण गर्मी को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि मौत लू या गर्मी के कारण हुई हो सकती है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।




