
रायपुर। राजधानी रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र के हीरापुर स्थित अमरनाथ इस्पात की बंद फैक्ट्री में हुई डकैती के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने फैक्ट्री के चौकीदार को बंधक बनाकर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ किया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 17 लाख रुपये कीमत का चोरी किया गया सामान और वारदात में इस्तेमाल चारपहिया व दोपहिया वाहन सहित अन्य उपकरण बरामद किए हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं।पुलिस के मुताबिक, घटना 22 अक्टूबर 2026 की रात करीब 1:30 बजे की है। फैक्ट्री में ड्यूटी कर रहे चौकीदार को आरोपियों ने रस्सी से बांध दिया और कार्यालय व फैक्ट्री में रखे एल्युमिनियम वायर, कॉपर के सामान, एल्युमिनियम प्लेट, हैलोजन लाइट, पैनल कार्ड और कॉपर क्वाइल समेत अन्य कीमती सामान लूट लिया।

आरोपी सामान को टाटा एस वाहन में भरकर फरार हो गए।एक सप्ताह तक की थी रेकीजांच में सामने आया कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले करीब एक सप्ताह तक फैक्ट्री की रेकी की थी। पुलिस ने घटनास्थल और आरोपियों के संभावित भागने के रास्तों पर लगे हजारों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने संदीप नेताम को पकड़ा। पूछताछ के बाद अजीत भारती और उमेन्द्र ठाकुर उर्फ उमेन को भी गिरफ्तार किया गया।ये सामान हुआ बरामदपुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एल्युमिनियम वायर, एल्युमिनियम व कॉपर के सामान, प्लेट, हैलोजन लाइट, पैनल कार्ड, कॉपर क्वाइल, कटर मशीन, ड्रिल मशीन, टाटा एस वाहन और स्कूटी जब्त की है। जब्त सामान और वाहनों की कुल कीमत करीब 17 लाख रुपये बताई गई है।

पहले भी आपराधिक मामलों में रह चुके हैं शामिलगिरफ्तार आरोपियों में संदीप नेताम (35), अजीत भारती (30) और उमेन्द्र ठाकुर उर्फ उमेन (27) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, तीनों पहले भी चोरी, नकबजनी, मारपीट और प्रतिबंधात्मक मामलों में जेल जा चुके हैं।यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र रॉबिन्सन गुरिया की निगरानी में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा कबीर नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। मामले में थाना कबीर नगर में अपराध क्रमांक 217/26 के तहत बीएनएस की धाराओं 127(2) और 310(2) में अपराध दर्ज है।





