
,
रायपुर। राजधानी रायपुर के मोवा क्षेत्र अंतर्गत आदर्श नगर, झंडा चौक के पास एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान जयेंद्र साहू उर्फ जय साहू के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।मृतक के परिजनों का आरोप है कि जयेंद्र साहू की पत्नी के किसी अनुज द्विवेदी नामक व्यक्ति से अवैध संबंध थे, जिससे मानसिक रूप से परेशान होकर जयेंद्र साहू ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि मृतक की पत्नी घर से एक करोड़ रुपए से अधिक की राशि लेकर चली गई है।
वहीं दूसरी ओर, मृतक की पत्नी किरण साहू ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। किरण साहू का कहना है कि उनके पति शेयर बाजार में पैसे लगाते थे और नुकसान होने के कारण घर में रखे पैसों को भी निवेश करने के लिए दबाव बना रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मोवा थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी।किरण साहू ने यह भी स्पष्ट किया कि अनुज द्विवेदी एक बिल्डिंग निर्माण कार्य से जुड़ा व्यक्ति है, जिसे उनके पति स्वयं काम सीखने के उद्देश्य से घर बुलाते थे। उनके अनुसार, अवैध संबंध के आरोप पूरी तरह निराधार हैं।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पंडरी स्थित जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।फिलहाल, इस मामले में आत्महत्या के कारणों को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं, जिनकी सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।




