
रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में गुढ़ियारी थाना पुलिस ने दुर्गा चौक क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री के मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के कब्जे से 32 पौवा देशी शराब जब्त की है, जिसकी कीमत करीब 3,200 रुपये बताई गई है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 अक्टूबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोगांव पानी टंकी के पास धर्मकांटा के सामने एक महिला प्लास्टिक की बोरी में अवैध शराब रखकर बिक्री कर रही है। सूचना मिलते ही गुढ़ियारी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और महिला को पकड़ा।पूछताछ में महिला की पहचान अंशु ध्रुव (55 वर्ष), निवासी गोंडपारा, पुरानी बस्ती गोगांव के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 12 पौवा सवा शेरा देशी मदिरा मसाला और 20 पौवा शोले देशी मदिरा मसाला बरामद किए गए। कुल शराब की मात्रा 5.760 बल्क लीटर बताई गई है।

पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी महिला के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर महिला को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त उरला के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक रेखा यदु, आरक्षक टुकेश्वर रजक और टीजी आरक्षक योगेश जंघेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।नॉर्थ जोन पुलिस ने अवैध शराब और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।




