
रायपुर। थाना आमानाका क्षेत्र के डुमरतालाब में शराब के नशे में पत्नी और दोनों बच्चों से मारपीट करने के बाद हथियार लेकर उत्पात मचा रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने समय रहते पकड़ लिया। डायल-112 और थाना आमानाका पुलिस की त्वरित कार्रवाई से संभावित गंभीर घटना को टाल दिया गया।
पुलिस के अनुसार 24 अगस्त 2026 को देवेंद्र सिंह राजपूत (लगभग 40 वर्ष) शराब के नशे में अपने परिवार के साथ मारपीट कर रहा था। इसके बाद वह हथियार लेकर घर से बाहर निकल गया और क्षेत्र में उत्पात मचाने लगा। मोहल्लेवासियों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को समझाइश देकर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपी हथियार लेकर भागने लगा, जिसका पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और थाना आमानाका लाया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो हथियार बरामद किए हैं। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संभावित गंभीर घटनाओं को समय रहते रोकने के लिए पुलिस द्वारा लगातार त्वरित कार्रवाई की जा रही है।





