छत्तीसगढ़रायपुर

दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रेलर की चपेट में आने से मासूम की मौत मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने 7 घंटे तक किया चक्का जाम, तिल्दा-धरसींवा मार्ग पर लगी वाहनों की लंबी कतार

रायपुर/धरसींवा। धरसींवा थाना क्षेत्र के ग्राम कपसदा में तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से एक मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मृत बच्ची के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर तिल्दा-धरसींवा मुख्य मार्ग पर करीब सात घंटे तक चक्काजाम किया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

मिली जानकारी के अनुसार, मृत बच्ची की पहचान हेमा यादव (पिता भीम यादव) के रूप में हुई है। वह तिल्दा नेवरा की रहने वाली थी और इन दिनों ग्राम कपसदा में अपने मामा मनहरण यादव के घर आई हुई थी। गुरुवार दोपहर घर के बाहर सड़क किनारे खेलते समय रायपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर क्रमांक CG 04 ME 0829 ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। दोपहर करीब 3 बजे ग्रामीणों ने तिल्दा-धरसींवा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीण मृतक बच्ची के परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा देने की मांग पर अड़े रहे। करीब सात घंटे तक चले प्रदर्शन के चलते मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा और सैकड़ों वाहन फंसे रहे।स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। धरसींवा तहसीलदार रामकुमार साहू और थाना प्रभारी राजेंद्र दीवान भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने और जाम खुलवाने का प्रयास किया। समाचार लिखे जाने तक प्रशासनिक अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच मुआवजे को लेकर बातचीत जारी थी।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर क्षेत्र में तेज रफ्तार भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button