
कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम डुमरमुड़ा के पास 8 अगस्त को मिले जले हुए महिला के शव की पहचान पुलिस ने कर ली है।
पुलिस ने मामले का 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार है।पुलिस के अनुसार, मृतिका ग्राम अमलडिहा की रहने वाली थी और घटना से पहले किरण कुमार पटेल तथा अजय कुमार धनवार के साथ देखी गई थी। जांच के दौरान तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने किरण कुमार पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में उसकी घटना में संलिप्तता सामने आई।पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों का महिला से विवाद हुआ, जिसके बाद दोनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को जलाने की कोशिश की गई।मामले में किरण कुमार पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अजय कुमार धनवार फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। मामले में आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है।





