
रायपुर ग्रामीण पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के मामले में जेल जा चुका है।
रायपुर ग्रामीण के सिलतरा थाना क्षेत्र में देर रात पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम निमोरा में एक युवक अवैध देशी कट्टा लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान सरफराज खान के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध देशी कट्टा, एक जिंदा 8 एमएम कारतूस और चार खाली 8 एमएम कारतूस बरामद किए गए। हथियार रखने का कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज आरोपी नहीं दिखा सका।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सिलतरा थाना में आर्म्स एक्ट की धाराओं 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। जांच में यह भी सामने आया कि वर्ष 2022 में आरोपी हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के मामले में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है।वीओ-4पुलिस के अनुसार आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया और प्रयागराज से जुड़ा हुआ है। उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि की विस्तृत जानकारी जुटाने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है। रायपुर ग्रामीण पुलिस का कहना है कि अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




