
रायपुर। गोलबाजार थाना क्षेत्र में कारीगर बनकर करीब 60 ग्राम कच्चा सोना चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय आरोपी को रायपुर पुलिस ने राजस्थान के जोधपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजू डोलाई (35) के रूप में हुई है, जो मूलतः पश्चिम बंगाल का निवासी है।पुलिस के मुताबिक, नयापारा शंकर चौक निवासी नंदकिशोर सोनी की एल.जी. डाई कटिंग दुकान में सोने के आभूषण बनाने के लिए राजू को कारीगर के रूप में काम पर रखा गया था।
11 जनवरी 2026 को दुकान संचालक ने उसे करीब 60 ग्राम कच्चा सोना, जिसकी कीमत लगभग 7.80 लाख रुपये थी, आभूषण बनाने के लिए दिया था। आरोपी ने सोना कारीगर आलमारी में रखने के बाद कथित तौर पर चोरी कर लिया और अचानक काम पर आना बंद कर दिया।15 जनवरी को आलमारी चेक करने पर सोना गायब मिला, जिसके बाद गोलबाजार थाने में मामला दर्ज कराया गया।

लंबे समय से फरार आरोपी की तलाश में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा गोलबाजार पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी विश्लेषण और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर उसकी लोकेशन राजस्थान के जोधपुर में ट्रेस की। टीम जोधपुर पहुंची और निगरानी के बाद आरोपी को पकड़ लिया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 40 ग्राम कच्चा सोना और घटना से संबंधित एक मोबाइल फोन बरामद किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 4.70 लाख रुपये बताई गई है।फिलहाल पुलिस आरोपी से चोरी किए गए शेष सोने और संभावित अन्य सहयोगियों के संबंध में पूछताछ कर रही है। मामले में गोलबाजार थाने में अपराध क्रमांक 16/26 के तहत प्रकरण दर्ज है।




