
कवर्धा। सिटी कोतवाली पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला की पहचान अमीना ताज (36 वर्ष) निवासी सैगोना, कबीरधाम के रूप में हुई है।पुलिस के मुताबिक मृतक आलोक दुबे करीब चार वर्षों से अमीना ताज के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रहा था। 29 जुलाई 2026 को आलोक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। सूचना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
मर्ग जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, वैज्ञानिक अधिकारी की रिपोर्ट और परिजनों व गवाहों के बयान के साथ मोबाइल फोन व लैपटॉप सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की गई।पुलिस जांच में आरोप है कि अमीना ताज द्वारा आलोक पर धर्म परिवर्तन कर मुस्लिम रीति-रिवाज से शादी करने का दबाव बनाया जा रहा था। पुलिस के अनुसार शादी नहीं करने पर उसे बलात्कार के मामले में फंसाने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने की बात भी सामने आई।

जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने 23 सितंबर को अपराध क्रमांक 413/2026, धारा 108 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद 24 सितंबर को आरोपी अमीना ताज को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।पुलिस ने बताया कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।




