
जगदलपुर/बस्तर। जिले के बड़े बोदल पंचायत के छोटे बोदल, नाकापारा गांव में 22 सितंबर 2026 को घर वापसी कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, चार लोगों ने करीब 10 वर्षों तक ईसाई धर्म मानने के बाद अपनी इच्छा से अपने मूल धर्म भतरा समाज में वापस आने की घोषणा की।
दस्तावेज के मुताबिक, श्री श्रीधर बघेल, उनकी पत्नी मानो बघेल, शंकनी बघेल और मंगली बघेल ने स्वेच्छा से धर्म परिवर्तन से वापस अपने मूल धर्म में लौटने की बात कही। आवेदन में परिवारों ने किसी दबाव या प्रलोभन के बिना यह निर्णय लेने का उल्लेख किया है।
घर वापसी कार्यक्रम में गांव के माटी पुजारी फागुराम गोयल, कोटवार हरिसिंह नाग, पटेल ईश्वर गोयल, नाईक रामकुर्सो गोयल, पाइक सहदेव बघेल समेत ग्रामीण मौजूद रहे। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, विधि-विधान से शुद्धिकरण और पानी छिड़काव की प्रक्रिया पूरी की गई।
परिवारों ने अपनी पुरानी परंपरा, संस्कृति और देवी-देवताओं की पूजा में विश्वास रखते हुए आगे जीवन यापन करने की बात कही। घर वापसी की सूचना ग्राम पंचायत बड़े बोदल, तहसीलदार नानगुर और थाना प्रभारी नानगुर को भी दी गई है।




