
दुर्ग: पुलगांव चौक में विवाद के बाद एक युवक को कार से पीछे से ठोकर मारकर काफी दूर तक घसीटने के मामले में पुलगांव पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में युवक को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने आरोपी को घटना में प्रयुक्त कार सहित पकड़ा है।पुलिस के मुताबिक, पुलगांव चौक स्थित पान ठेले के पास विजय वैष्णव अपने दोस्तों के साथ खड़ा था। इसी दौरान राजनांदगांव की ओर से आ रही कार क्रमांक CG-04-HJ-9238 ने उसे टक्कर मार दी।
इसके बाद विजय और कार चालक के बीच विवाद हुआ। आरोपी ने कथित तौर पर विजय के साथ मारपीट और धमकी भी दी।विवाद के बाद विजय पैदल पोटिया की ओर जाने लगा। इसी दौरान आरोपी ने कार से उसका पीछा किया और पीछे से कार की ठोकर मार दी। इसके बाद आरोपी ने वाहन रोकने के बजाय विजय को काफी दूर तक घसीटता रहा। उसके दोस्तों ने कार रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी वाहन चलाता रहा। बाद में दोस्तों ने वाहन रुकवाकर विजय को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
मामले में पुलगांव थाने में अपराध क्रमांक 711/2026, धारा 109(1) BNS के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच के दौरान गवाहों के बयान लिए और आरोपी व वाहन की तलाश शुरू की।त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कार मालिक अजय कुमार गारूडीक (56 वर्ष) निवासी बोरसी, दुर्ग को वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, चिकित्सकीय परीक्षण में आरोपी द्वारा शराब सेवन किए जाने का उल्लेख किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने युवक को कार से टक्कर मारने और घसीटने की घटना स्वीकार की। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
जप्त वाहन: कार क्रमांक CG-04-HJ-9238
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क पर विवाद की स्थिति में कानून हाथ में न लें और वाहन चलाते समय यातायात नियमों व गति सीमा का पालन करें। किसी व्यक्ति की जान को खतरे में डालने वाली घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें।




