
रायपुर, 5 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ ने वैश्विक निवेश के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है। सिंगापुर में आयोजित SING फोरम 2026 में राज्य को कुल ₹43,250 करोड़ के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) की प्रतिबद्धताएं मिली हैं। इसमें ₹41,750 करोड़ का निवेश एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस के लिए प्रस्तावित है।
सिंगापुर मुख्यालय वाली एनर्जी कैपिटल ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट क्षमता का एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस स्थापित करने की योजना बना रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कंपनी को फोरम के दौरान Invitation to Invest सौंपा।
कंपनी के मुताबिक, यह परियोजना मध्य भारत में बड़े एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस के विकास की दिशा में होगी। इसके संचालन के लिए छत्तीसगढ़ के इंजीनियरों को प्रशिक्षण देने की भी योजना है।इसके अलावा सनस्ट्रीम ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड की ओर से सोलर ऊर्जा, बैटरी स्टोरेज और संबंधित कंपोनेंट्स के क्षेत्र में ₹1,500 करोड़ के FDI प्रस्ताव की जानकारी दी गई।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि ये निवेश प्रतिबद्धताएं छत्तीसगढ़ की नीतियों और संभावनाओं में निवेशकों के भरोसे को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से राज्य में युवाओं के लिए रोजगार और नए अवसर पैदा होंगे।फोरम में मुख्यमंत्री ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ फायरसाइड चैट में भी हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने राज्य में उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप सुधारों और निवेश-अनुकूल नीतियों पर बात रखी।SING फोरम में सिंगापुर सरकार के विदेश मंत्रालय और व्यापार एवं उद्योग मंत्रालय की राज्य मंत्री गैन सियो ह्वांग समेत वैश्विक कंपनियों के वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने फोरम के इतर एक्वाटेक और एड्रॉइट ओवरसीज प्राइवेट लिमिटेड के साथ भी बैठक की।मुख्यमंत्री 6 अक्टूबर को सिंगापुर में CEO राउंडटेबल में प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। इसके जरिए राज्य में निवेश प्रस्तावों को आगे बढ़ाने पर चर्चा होगी।




