
रायपुर/ राजधानी में एक बड़ी डकैती की साजिश को पुलिस ने वारदात से पहले ही नाकाम कर दिया है। गुढ़ियारी थाना पुलिस ने कल्याण ज्वेलर्स में डकैती की योजना बना रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस, चाकू और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जबकि मामले में दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।

रायपुर पुलिस की प्रोएक्टिव पुलिसिंग के तहत मुखबिर से मिली सूचना पर गुढ़ियारी थाना पुलिस ने रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर-7 के पीछे नए रोड के पास तीन संदिग्ध युवकों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू, तीन मोबाइल फोन और 2500 रुपये बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में रात के समय डकैती की योजना बना रहे थे। पुलिस जांच में सामने आया कि एक आरोपी ने 1 अप्रैल 2026 को ज्वेलर्स की रेकी की थी और सुरक्षा व्यवस्था व आसपास के इलाके की जानकारी जुटाई थी। फरार दो साथी लगातार मोबाइल के जरिए रेकी की तस्वीरें साझा कर पूरी योजना बना रहे थे।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ डकैती के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क और हथियारों की व्यवस्था की भी जांच कर रही है।पुलिस की सतर्कता और समय रहते की गई कार्रवाई से राजधानी में एक बड़ी डकैती की वारदात टल गई। अब पुलिस फरार आरोपियों की तलाश और पूरे गिरोह के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।




